home page

उप्र का माैसम : तीन दिन से चल रहा अर्नब चक्रवात का असर कुछ कम हुआ, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं खिली धूप

 | 
उप्र का माैसम : तीन दिन से चल रहा अर्नब चक्रवात का असर कुछ कम हुआ, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं खिली धूप


लखनऊ , 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अर्नब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले तीन दिनों से बारिश और ठंड का असर बना हुआ है। इस दाैरान बारिश हुई और आंधी भी चली। गोरखपुर में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई लेकिन अब बारिश और तेज हवाओं का दौर अब थमने वाला है। रविवार से अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर दिखायी पड़ने लगा है। यही कारण है कि राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में आसमान साफ रहा।

अर्नब चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश भर में पिछले तीन दिनों से दिखायी पड़ रहा है। जगह-जगह बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान गिरने से मौसम में ठंडक घुल गयी है। कई जिलों में शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुई बारिश शनिवार देर शाम तक होती रही। गोरखपुर, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, बहराइच और प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार काे भी छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हुई है जबकि राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलाें में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहा। मध्य व पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की-फुल्की बूंदाबांदी या बादलों की आवाजाही भी रही।

रविवार काे दिन का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस से 30.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया जबकि हवा में आर्द्रता लगभग 74 से 78 फीसदी के बीच दर्ज की गयी। रविवार के मौसम का रुख देखते हुए कहा जा सकता है कि अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने लगा है। इसके साथ ही प्रदेश में दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी, लेकिन रातें ठंडी हो सकती हैं। सुबह के समय कोहरे की दस्तक भी देखने को मिलेगी। माैसम विभाग ने फिलहाल पूरे प्रदेश में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और शुष्क रहने का अनुमान बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह