home page

उप्र में फिर बदला मौसम, चार जिलों में अगले तीन घंटे तेज बारिश का अलर्ट

 | 
उप्र में फिर बदला मौसम, चार जिलों में अगले तीन घंटे तेज बारिश का अलर्ट


लखनऊ, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता में कमी के बावजूद स्थानीय स्तर पर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी है। मौसम केंद्र लखनऊ के ताजा अलर्ट के अनुसार अगले तीन घंटों में लखनऊ, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर और उन्नाव में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की बहुत संभावना है।

प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को बादल छाए रहे और राजधानी लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जबकि मध्य और पश्चिमी यूपी में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल व्यापक स्तर पर भारी बारिश की स्थिति नहीं है लेकिन स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के कारण कुछ इलाकों में अचानक गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। अगले कुछ दिनों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में भी गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के आसार हैं। 11 से 15 सितंबर के बीच प्रदेश में बारिश का जोर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

बिजली गिरने के दौरान रहें सतर्क

गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और अन्य ऊंचे स्थानों से दूरी बनाए रखें। किसानों से भी गरज-चमक के दौरान खेतों में काम करने से बचने और मौसम सामान्य होने के बाद ही बाहर निकलने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा