पाइपलाइन बिछाने के समय खोदी गयी सडकें नहीं बनी तो जल सारथी ऐप पर करें शिकायत : जिलाधिकारी
फर्रुखाबाद, 16 नवंबर (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद की जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने बताया किे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान यदि कहीं सड़क क्षतिग्रस्त हुई है और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है तो ग्रामीण इसकी सूचना जल सारथी ऐप के माध्यम से दे सकते हैं। ऐप पर सड़क की मौके से फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। शिकायतों के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क की पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने बताया कि जिले में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब 1641 किलोमीटर सड़क खोदी गई, जिसमें से अब तक 1617 किलोमीटर सड़कों की पुनर्स्थापना कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पूर्व की स्थिति में बहाल करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

