पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पीड़िता पहले ही बरामद
देवरिया, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के थाना गौरीबाजार पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित रविवार को एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कस्बा बैतालपुर के पश्चिमी ढाला के पास विशुनपुरा जाने वाली सड़क से अभियुक्त आर्या राजभर को गिरफ्तार किया। वह थाना गौरीबाजार क्षेत्र के धतुरा खास (बड़ी ललिया) का निवासी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 16 अक्टूबर 2025 का है, जब एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना गौरीबाजार में शिकायत दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं, जिनमें पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पीड़िता को 26 मार्च 2026 को सकुशल बरामद कर लिया गया था।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

