एक दिवसीय यूपी विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू, महिला सशक्तिकरण पर चर्चा जारी
लखनऊ, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई। विधायी कार्य पूरा करने के बाद वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कार्य मंत्रणा समिति की सिफारिशों के आधार पर नारी सशक्तिकरण विषय पर नियम 301 के तहत सदन में चर्चा कराने का प्रस्ताव रखा।
संसदीय कार्य मंत्री के प्रस्ताव रखने पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि यह विषय उत्तर प्रदेश विधानसभा का नहीं है। यह संसद का विषय है। इसलिए यहां चर्चा नहीं कराया जा सकता। इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मैंने तो उस विषय का जिक्र ही नहीं किया है। नारी सशक्तिकरण का विषय है। नारी सशक्तिकरण विषय पर चर्चा की जा सकती है। इसलिए इस पर समय नहीं खराब करना चाहिए।
इसके बाद पीठ से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन में यदि यह मुद्दा उठा है तो इसका स्पष्टीकरण भी आना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चर्चा कराई जा सकती है। यूपी विधानसभा के पुराने रिकार्ड का उल्लेख करते हुए महाना ने कहा कि सदन में समाज के किसी भी ज्वलन्त मुद्दे पर चर्चा किया जा सकता है। नारी सशक्तिकरण का मुद्दा महत्वपूर्ण है। इसलिए इस विषय पर विधानसभा में चर्चा हो सकती है।
इसके बाद नेता सदन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन पर बोलना शुरू किया। उन्होंने विपक्ष को महिला विरोधी बताया और अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाना शुरू किया। कहा कि अपने आप को समाजवादी कहते हैं लेकिन नारी सशक्तिकरण से इन्हें दिक्कत है।
उल्लेखनीय है कि महिला सशक्तिकरण विषय पर यूपी विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। आज पूरे दिन अनवरत इस मुद्दे पर सदन में चर्चा की जाएगी।
सदन की कार्यवाही के दौरान अधिकारी दीर्घा में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

