home page

मानसून सत्र : सपा के हंगामे के बीच यूपी विधानसभा 12:20 बजे तक स्थगित

 | 
मानसून सत्र : सपा के हंगामे के बीच यूपी विधानसभा 12:20 बजे तक स्थगित


लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। यूपी विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के विधायक राम मंदिर में दान चोरी के मुद्दे पर बेल में आकर हंगामा करने लगे। लगभग 10 मिनट तक हंगामा के बीच विधान सभा की कार्यवाही दोपहर 12:20 बजे तक स्थगित कर दी गई। सपा के विधायक बेल में ही धरने पर बैठे हैं।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने नियम 311 के तहत सदन में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण पर चर्चा कराने की मांग की। इस पर पीठ से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि यह ऐसा तात्कालिक मुद्दा नहीं है जिसपर सदन की अन्य कार्यवाही रोककर चर्चा कराई जाए।

सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री खन्ना ने कहा कि 1990 में इनकी आस्था देखी है। राम भक्तों पर इन लोगों ने गोली चलवाई। इन लोगों ने राम मंदिर निर्माण में रुकावट के लिए हर प्रयास किये। पीठ की ओर मुखातिब खन्ना ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसलिए इस मुद्दे पर सदन में यहां चर्चा नहीं की जा सकती है। जिन लोगों ने राम को कभी नहीं माना, वे आज राम मंदिर में आस्था दिखा रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि यह अच्छी बात है कि जाहिद बेग, उमर अली और शाहिद मंजूर को भी राम मंदिर की चिंता है। धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाना उचित नहीं है। पीठ से अध्यक्ष ने विपक्षी पार्टी के सदस्यों को बहुत समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन जारी रहा। करीब 11:10 बजे विधान सभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12:20 बजे तक स्थगित कर दिया।

इससे पहले सपा के सदस्यों ने विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला