कानपुर के विद्यार्थियों ने यूपी विधान सभा का किया शैक्षिक भ्रमण
लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के देहरादून पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 43 छात्र-छात्राओं एवं आठ शिक्षकों के दल ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं एवं शासन प्रणाली की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने विधानसभा भवन की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विशेषताओं का अवलोकन किया। सदन की कार्यप्रणाली, जनप्रतिनिधियों की भूमिका एवं कानून निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने विधानसभा की बैठक व्यवस्था, विभिन्न समितियों की कार्यशैली तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी निकट से समझा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट भी की। महाना ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए विधानसभा की भूमिका, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संसदीय परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और विद्यार्थियों को संविधान एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशीष शुक्ला के नेतृत्व में आए शिक्षकों में अभिषेक कुमार दीक्षित, अनिल कुमार, शैलजा शुक्ला, अनीता मिश्रा, शोभित शर्मा, आकाश सिंह एवं आरना शुक्ला शामिल रहे। शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता एवं नागरिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

