मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे विशेष कैंप
बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे मौजूद, प्रत्येक मतदान केंद्र पर बनेगी हेल्प डेस्क
औरैया, 16 अक्टूबर (हि . स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के पंजीकरण के लिए जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इन कैंपों में बीएलओ सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कैंपों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को आवेदन भरने और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी। बीएलओ के पास अंतिम निर्वाचक नामावली और पूरक मतदाता सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी, ताकि नागरिक अपने नाम की स्थिति जांच सकें।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
मतदाता पंजीकरण के इच्छुक नागरिकों को अपना नवीनतम फोटो, जन्मतिथि संबंधी अभिलेख की स्व-प्रमाणित छायाप्रति और निवास संबंधी अभिलेख की स्व-प्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध होने पर उसका विवरण भी साथ रखें।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होगा प्रचार
विशेष कैंपों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए शहरी क्षेत्रों में लाउडस्पीकर और ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी के माध्यम से प्रचार कराया जाएगा। इसके अलावा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा कैंपों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति, फार्मों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं से निर्धारित तिथियों पर कैंप में पहुंचकर पंजीकरण कराने की अपील की। नागरिक आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी फार्म-6 ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

