प्रेमिका ने शादी से किया इनकार तो किशोर प्रेमी ने पेट्रोल छिड़क कर खुद को लगाई आग, हालत गंभीर
वाराणसी,30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चोलापुर क्षेत्र के राजापुर गांव में एक किशोर ने प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को उपचार के लिए शनिवार को कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव निवासी अमन राजभर (17) पुत्र रामनिवास राजभर का जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया गया। बीते शुक्रवार को अमन राजभर किसी काम से हरसोस गांव गया था। इस दौरान अमन अपने पट्टीदार के रिश्तेदार के घर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई। बताया जाता है कि मुलाकात के दौरान अमन ने युवती से शादी करने का प्रस्ताव रखा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आसपास के ग्रामीणों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर अमन आक्रोशित हो गया और आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद पेट्रोल अपने शरीर के ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। देखते ही देखते आग का गोला बने अमन को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे अमन को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने बताया कि अमन का शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस की छानबीन में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। चोलापुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। किशोर के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि किशोर अमन के पिता रामनिवास राजभर दिहाड़ी मजदूर हैं। अमन तीन भाइयों में सबसे बड़ा है, वह नौवीं कक्षा में पढ़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

