वाराणसी के पंचगंगाघाट पर गंगा में नहाते समय बिहार का युवक डूबा, मौत
—दोस्तों के साथ वाराणसी घुमने आया था,परिजनों में कोहराम
वाराणसी, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में बुधवार को पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बिहार निवासी एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के डेहरी ऑन सोन (सासाराम) निवासी श्याम कुमार (45) अपने दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आए थे। बुधवार को पूर्वाह्न वे पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। इससे वह डूब गए। घटना को देख साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

