मार्कण्डेय महादेव धाम के संगम तट पर गंगा में नहाते समय युवक गहरे पानी में डूबा,तलाश जारी
वाराणसी, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित कैथी के प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव धाम में गंगा-गोमती संगम तट पर स्नान के दौरान बुधवार को एक 26 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई।
नदी में डूबे युवक की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र निवासी अभय गुप्ता (26) पुत्र राजेश गुप्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि अभय अपने एक मित्र के साथ मार्कण्डेय महादेव धाम में दर्शन-पूजन के लिए आया था। मंदिर में दर्शन से पहले दोनों संगम तट पर स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान अभय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद मित्र ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
घटना की जानकारी तत्काल अभय के परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस और गोताखोर लगातार नदी में डूबे युवक की खोजबीन कर रहे हैं।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

