कैथी मार्कण्डेय महादेव मंदिर के समीप गंगा घाट पर दर्शन करने आया युवक डूबा, मौत
वाराणसी, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में शनिवार को चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर के समीप गंगा घाट पर स्नान करते समय एक युवक डूब गया। सूचना पाकर क्षेत्रीय पुलिस के साथ मृत युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद गंगा नदी से युवक का शव ढूंढ निकाला।
चौबेपुर पुलिस के अनुसार, वाराणसी जनपद के फूलपुर (पिंडरा) निवासी राजू कनौजिया (39 ) पुत्र घनश्याम कनौजिया, दर्शन-पूजन के लिए मार्कण्डेय महादेव धाम आया था। मंदिर में दर्शन करने से पूर्व राजू गंगा स्नान के लिए कैथी घाट पर पहुंचा। जहां गंगा स्नान के दौरान अचानक फिसल कर राजू गहरे पानी में डूब गया। हालांकि घाट पर मौजूद नाविकों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक वह गहरे पानी में समा गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक के शव को गंगा से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर राजू कनौजिया के रूप में की। मिले दस्तावेज के आधार पर राजू के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

