home page

यूएस ट्रेड डील के विरोध में युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

 | 
यूएस ट्रेड डील के विरोध में युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश


वाराणसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के आवाह्न पर युवा कार्यकर्ता यूएस ट्रेड डील के विरोध में शुक्रवार को भी वाराणसी में किसान न्याय सत्याग्रह में शामिल हुए। कचहरी स्थित शास्त्रीघाट पर आयोजित सत्याग्रह में किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग को लेकर कार्यकर्ता मुखर रहे।

महानगर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह के दौरान किसानों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया। सत्याग्रह में शामिल कांग्रेस के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां लगातार किसानों के हितों के खिलाफ साबित हो रही हैं। यूएस ट्रेड डील जैसे समझौते देश के किसानों को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं मिलती, तब तक युवा कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी यह सत्याग्रह सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई है।

युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि आज तीसरे दिन भी युवाओं का उत्साह यह साबित करता है कि देश का युवा किसान के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि एमएसपी की कानूनी गारंटी किसानों का अधिकार है, जिसे किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सत्याग्रह का संचालन प्रदेश महासचिव/प्रभारी युवा कांग्रेस माधव कृष्ण ने किया। इसमें विपिन मेहता, धनंजय त्रिपाठी, प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई ऋषभ पांडेय, रोहित दुबे, अनुभव राय, रोहित राणा, विनीत चौबे, मुरारी यादव, धीरज सोनकर आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी