home page

वाराणसी :पुलिस लाइन में निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत की छठी मंजिल से गिरा श्रमिक, मौत

 | 
वाराणसी :पुलिस लाइन में निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत की छठी मंजिल से गिरा श्रमिक, मौत


—पुलिस कमिश्नर व अन्य अफसर भी मौके पर पहुंचे

वाराणसी, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के पुलिस लाइन में निर्माणाधीन जी—12 बिल्डिंग की छठवीं मंजिल से गुरूवार को एक मजदूर फिसल कर नीचे गिर गया। घायल मजदूर को आनन—फानन में पांडेयपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीसीपी वरूणा जोन प्रमोद कुमार सहित अन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए।

डीसीपी वरूणा प्रमोद कुमार ने मीडिया कर्मियों को बताया कि पुलिस लाइन में G-12 बिल्डिंग का निर्माण पीडब्ल्यूडी करा रहा है। बिल्डिंग के छठवीं मंजिल पर अररिया बिहार का श्रमिक मोहम्मद इफ्तिखार (22 ) काम कर रहा था। कार्य के दौरान वह नीचे से बालू लेकर ऊपर जा रहा था। इसी दौरान बैलेंन्स बिगड़ जाने के कारण वह नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और गर्दन में गहरी चोट लग गई। निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार ने पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। और मजदूर को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई।

परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। बताते चले पुलिसकर्मियों आवासीय समस्या को देखते हुए पुलिस लाइन में भूतल प्लस 11 मंजिल की इमारत में कुल 192 टाइप-2 फ्लैट बनाए जा रहे हैं, जहां पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ बेहतर सुविधाओं के बीच रह सकेंगे। लगभग 2674.64 लाख रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिली इमारत लगभग 22,836 वर्ग मीटर क्षेत्र में बन रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी