home page

वाराणसी: गौशाला में फंदे से लटका मिला बिहार के मजदूर का शव

 | 
वाराणसी: गौशाला में फंदे से लटका मिला बिहार के मजदूर का शव


वाराणसी,26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक गौशाला के अंदर टीन शेड के लोहे के एंगल से मजदूर का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान बिहार के मधेपुरा जिले के रहटा (थाना कुमारखंड) निवासी सनोज शर्मा (पुत्र स्व. दामोदर शर्मा) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सनोज ने सुबह रोजाना की तरह पशुओं को चारा दिया और दूध लगवाने के बाद नहलाया धुलाया। पूर्वांह में परिजन उसे नाश्ता देने गौशाला पहुंचे, तो वह पशु बांधने वाली रस्सी के सहारे टीन शेड के एंगल से लटकता मिला। सूचना पाकर शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद मृतक के बिहार में रह रहे परिजनों को फोन के जरिए घटना की सूचना दे दी गई।

शिवपुर पुलिस का कहना है कि परिजनों के वाराणसी पहुंचने और लिखित तहरीर मिलने के बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, मकान मालिक शिव शंकर पांडेय ने बताया कि सनोज पिछले 20 दिनों से गौशाला और घरेलू काम के लिए रखा गया था। सनोज शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं।---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी