home page

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बनारस, वाराणसी सिटी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

 | 
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बनारस, वाराणसी सिटी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लिया जायजा


—गोरखपुर–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण

वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे एवं अनुसंधान अभिकल्प व मानक संगठन (आरडीएसओ), लखनऊ के महानिदेशक प्रभाष दनसाना शुक्रवार को वाराणसी मंडल के दौरे पर रहे। एक दिवसीय दौरे में महाप्रबंधक ने सबसे पहले गोरखपुर–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के साथ वाराणसी मंडल के वाराणसी सिटी एवं बनारस रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबन्धक ने वाराणसी सिटी स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुख-सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतीक्षालय, पैदल ऊपरीगामी पुल (एफओबी), यात्री आरक्षण केंद्र में आरक्षित/अनारक्षित टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म, वाटर बूथ, साइनेज, दिव्यांगजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्टेशन पैनल, सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम, ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ स्टॉल, लिफ्ट, एस्केलेटर तथा स्टेशन की स्वच्छता का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा स्टेशन परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

महाप्रबन्धक ने वाराणसी सिटी स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े पैदल ऊपरी पुल सहित अन्य प्रगतिशील कार्यों की कार्ययोजना का अवलोकन किया तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद महाप्रबंधक प्रभाष दनसाना ने बनारस स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज के निर्माण समेत विभिन्न प्रगतिशील कार्यों की समीक्षा की और सम्बंधित को यह कार्य की गति बढ़ाने एवं समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया । इसी क्रम में उन्होंने आईआरसीटीसी द्वारा संचालित विश्रामगृह, डोरमेटरी एवं प्रतीक्षालयों का गहन निरीक्षण किया और इन सुविधाओ को उच्च स्तर पर बनाये रखने का निर्देश दिया।

महाप्रबंधक ने बनारस स्टेशन पर यात्रियों को प्रदान की जा रही सुख-सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं, डिजिटल विज्ञापन युक्त चार्जिंग कियास्क, डिजिटल मार्ग दर्शक नेविगेशन सुविधा,स्टेशन परिसर की स्वच्छता, प्लेटफॉर्म सं 08 पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, टिकटिंग व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान महाप्रबन्धक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाए। यहां महाप्रबंधक के साथ मुख्यालय से प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी