76 दिवसीय वार्ड प्रवास के 50 दिन पूरे, विधायक नीलकंठ तिवारी ने 3500 परिवारों से किया सीधा संवाद
वाराणसी, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में 19 जुलाई से गांधी जयंती, 2 अक्टूबर तक चल रहे 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम के 50 दिन रविवार को पूरे हो गए। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में पहुंचकर करीब 3500 परिवारों से सीधा संवाद किया और स्थानीय समस्याओं को मौके पर समझते हुए उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की।
वार्ड प्रवास के दौरान नगर निगम एवं जलकल विभाग के संबंधित अधिकारी भी विधायक के साथ मौजूद रहे। विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में भ्रमण के दौरान पेयजल, सीवर, नाली, गली की पटिया, मैनहोल, पानी की पाइपलाइन, जलापूर्ति तथा सफाई से जुड़ी समस्याओं को स्थानीय लोगों से सीधे जाना गया। समस्याओं के अनुसार संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे कई मामलों में समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू हो सकी। पिछले 50 दिनों में 50 से अधिक जनचौपालों का आयोजन किया गया, जबकि करीब 300 छोटी-बड़ी शिकायतों के तत्काल निस्तारण का प्रयास किया गया। जिन समस्याओं के समाधान के लिए बड़े कार्य अथवा अतिरिक्त बजट की आवश्यकता थी, उनके संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया। आवश्यकतानुसार विधायक निधि से कार्य कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। स्वच्छता और हरियाली पर विशेष जोर वार्ड प्रवास के दौरान जनसुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। निर्धारित मार्गों पर सफाई अभियान चलाने के साथ ही स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जहां कहीं मलबा अथवा कूड़ा दिखाई देता है, वहां उसे हटवाने की कार्रवाई भी कराई जाती है।इसके साथ ही प्रतिदिन पांच पौधे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है। 50 दिनों में अब तक करीब 250 पौधों का पौधारोपण किया जा चुका है। विधायक ने लोगों से भी पौधों की देखभाल और अपने आसपास स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने की अपील की।
-50वें दिन ईश्वरगंगी वार्ड में हुआ प्रवास
वार्ड प्रवास के 50वें दिन रविवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ईश्वरगंगी वार्ड में प्रवास किया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई। मार्ग में कई स्थानों पर खराब पड़ी पटिया को ठीक कराया गया। सीवर से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जलकल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।आगामी त्योहारों को देखते हुए विधायक ने नगर निगम के अधिकारियों को क्षेत्र के छोटे-बड़े मंदिरों तक जाने वाले मार्गों को साफ-सुथरा और दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छता एवं आवश्यक नागरिक सुविधाओं की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
24 वार्डों में दो-दो बार पहुंचा वार्ड प्रवास कार्यक्रमइन 50 दिनों में दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में कम से कम दो बार वार्ड प्रवास किया जा चुका है। इस दौरान अलग-अलग मोहल्लों में खराब सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन, टूटी अथवा उखड़ी पटिया, खराब मैनहोल, मैनहोल के ढक्कन, गली पिट और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित किया गया। विधायक के साथ नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी से कई समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया मौके से ही शुरू कराई गई। इससे स्थानीय नागरिकों को अपनी समस्याओं के लिए संबंधित विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम हुई है। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वार्ड प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर जनसुविधाओं के प्रति जागरूक किया। प्रवास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक लगातार सहभागी बन रहे हैं।
76 दिवसीय वार्ड प्रवास का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड तक सीधे पहुंचकर जनता की समस्याओं को करीब से समझना, संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका समाधान कराना तथा क्षेत्र में स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

