home page

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास में जनसमस्याओं का कराया समाधान

 | 
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास में जनसमस्याओं का कराया समाधान


—तीसरे लाभार्थी कैम्प में आमजन ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए कराया पंजीकरण, 02 अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को लगेगा कैम्प

वाराणसी, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए वार्डो में प्रवास कर रहे हैं। 76 दिवसीय वार्ड प्रवास में रविवार को दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र स्थित पियरीकला वार्ड में तीसरे लाभार्थी कैम्प का आयोजन किया गया। कैंप का उद्घाटन विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने किया।

कैम्प में केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं का शिविर लगाया गया। जिसमें क्षेत्रीय लोगों ने आकर ख़ुद का पंजीकरण कराया। विधायक डॉ तिवारी ने प्रत्येक विभाग के स्टाल पर स्वयं जाकर योजनाओं के बारे में जाना। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड व स्वीकृति पत्र बांटा। इसके अलावा बाल विकास के कैम्प में जाकर विधायक में शिशु को अन्नप्राशन कराया। कैम्प में 250 लोगों ने अपने आंख की जांच कराई, 150 लोगों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया। दिव्यांगजन कल्याण विभाग के शिविर में 10 लोगों ने पंजीकरण कराया, वहीं महिला कल्याण विभाग में करीब 27 लोग का रजिस्ट्रेशन हुआ। शहरी आवास योजना के लाभ के लिए 35 लोगों ने आवेदन किया। विद्युत विभाग के कैम्प में 9 लोगों ने अपना बिल संशोधित कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कैम्प में करीब 210 ने अपना स्वास्थ चेक अप कराया। कार्यक्रम में नोडल के रूप में मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

विधायक डॉ तिवारी के अनुसार 19 जुलाई से 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम चल रहा है। इस अभियान के तहत वे प्रतिदिन एक-एक वार्ड का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर रहे हैं तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। वार्ड प्रवास के दौरान वे सबसे पहले क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हैं। इसके साथ ही सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, गलियों और सड़कों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हैं। जहां कहीं भी कमी या समस्या दिखाई देती है, वहां उपस्थित नगर निगम, जलकल, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश देते हैं। वे इस बात पर विशेष जोर देते हैं कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ आम जनता को वास्तविक रूप से मिले। वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनते हैं। लोग सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर जाम सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हैं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी