home page

विधायक नीलकंठ तिवारी ने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास में गोला दीनानाथ वार्ड में चलाया स्वच्छता अभियान

 | 
विधायक नीलकंठ तिवारी ने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास में गोला दीनानाथ वार्ड में चलाया स्वच्छता अभियान


—प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चल रहा वार्ड प्रवास, रविवार को कबीर नगर सामुदायिक भवन में लगेगी जन चौपाल

वाराणसी, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम चलाया है। वार्ड प्रवास में सातवें दिन शनिवार को विधायक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गोला दीनानाथ वार्ड में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, क्षेत्र भ्रमण और वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

विधायक ने दक्षिणी विधानसभा के नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और जनहित के कार्यों में सहभागिता की अपील की। इस अभियान के तहत विधायक डॉ तिवारी प्रत्येक वार्ड में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। डॉ तिवारी ने बताया कि वार्ड प्रवास का कार्यक्रम पिछले 04 वर्षो से चल रहा है।

——अब हर रविवार लगेगी जन चौपाल

विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने बताया कि अब वह हर रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में जनचौपाल लगाएंगे। इस रविवार (26 जुलाई ) को दुर्गाकुंड कबीर नगर स्थित सामुदायिक भवन में जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इस जन चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभागों के काउंटर लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। विधायक के अनुसार,हर वार्ड में तीन से चार बार वह भ्रमण करेंगे। ताकि क्षेत्र की कोई भी समस्या छूटने न पाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच सके। शिविरों में नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक भी लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्ड प्रवास अभियान प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक संचालित किया जा रहा है। 19 जुलाई को सूर्यकुंड वार्ड से प्रारंभ हुआ यह 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) तक चलेगा। अभी तक सूर्यकुंड ,कमल गढ़हा, कोनिया, पियरी कला, माँ बागेश्वरी, राजघाट, गोला दीनानाथ का वार्ड प्रवास पूरा हो चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी