home page

(अपडेट) वाराणसी में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

 | 
(अपडेट) वाराणसी में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस


—त्रासदी से सीख लेकर एकजुट रहना होगा : स्वतंत्र देव सिंह

—सिंधी और पंजाबी समाज के लोगों का सम्मान, निकाला गया मौन जुलूस

वाराणसी, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए देशवासियों को एकजुट रहना होगा। राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी को राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक कुमार तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुशील सिंह, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिली, जबकि इससे एक दिन पहले 14 अगस्त को भारत का विभाजन हुआ और पाकिस्तान अस्तित्व में आया। विभाजन के दौरान बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। लाखों लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर सिंधी और पंजाबी समाज के तिलक राज कपूर, कमल किशोर वासुदेव, आत्माराम शाडीजा, रमेश लालवानी, रुक्मिणी देवी, हासानंद बदलानी और लालचंद रुपानी को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के नेतृत्व में जेपी मेहता इंटर कॉलेज से सर्किट हाउस तक मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस में भाजपा के क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुशील सिंह, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, अदिति पटेल, क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, विनोद गुप्ता, चंद्रशेखर उपाध्याय और साधना वेदांती सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी