‘स्वातंत्र्यवीर सावरकर जयंती महोत्सव 2026’ में शामिल होंगे भाजपा नेता सुनील देवधर
वाराणसी, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन परिसर में शुक्रवार (29 मई) को संगठन माय होम इंडिया की काशी यूनिट की पहल पर ‘स्वातंत्र्यवीर सावरकर जयंती महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनके राष्ट्रवादी विचारों, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं समकालीन भारत में उनकी प्रासंगिकता पर व्यापक विमर्श करना है।
आयोजन से जुड़े स्वतंत्र बहादुर सिंह ने गुरुवार काे यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं आयोजक संगठन के संस्थापक सुनील देवधर उपस्थित रहेंगे। वे सावरकर के विचारों, राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका तथा वर्तमान संदर्भ में उनके विचारों की उपयोगिता पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में वाराणसी महापौर अशोक तिवारी बतौर मुख्य अतिथि, वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. आर. के. ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. पृथ्वीश नाग (महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पूर्व कुलपति) करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य सत्र सायं 6:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

