home page

वाराणसी में वरुणा जोन पुलिस ने गुमशुदाओं को खोजकर 97 घरों में लौटाई खुशियां

 | 
वाराणसी में वरुणा जोन पुलिस ने गुमशुदाओं को खोजकर 97 घरों में लौटाई खुशियां


वाराणसी, 08 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के वरुणा जोन में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन में जोन के सभी थानों और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान 97 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों तक पहुंचाया। बरामद किए गए लोगों में 32 पुरुष और 65 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से 97 परिवारों में लंबे समय बाद खुशियां लौट आईं।

पुलिस कार्यालय के अनुसार, गुमशुदगी के लंबित मामलों की समीक्षा के लिए तीन सितंबर को डीसीपी वरुणा जोन ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और साप्ताहिक अभियान चलाकर अधिक से अधिक बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

निर्देश के बाद वरुणा जोन के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया। पुलिस ने गुमशुदा व्यक्तियों से जुड़े मामलों में उपलब्ध मोबाइल नंबर, तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए उनकी तलाश शुरू की। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई और परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सूचनाएं एकत्र कीं।

अभियान के दौरान जंसा थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 30 गुमशुदाओं को बरामद किया गया। इनमें चार पुरुष और 26 महिलाएं शामिल हैं। इसके बाद सारनाथ से 27 गुमशुदाओं की बरामदगी हुई, जिनमें 13 पुरुष और 14 महिलाएं हैं। मंडुवाडीह से 18 लोग बरामद हुए, जिनमें पांच पुरुष और 13 महिलाएं शामिल हैं।

इसी तरह शिवपुर से छह (तीन पुरुष, तीन महिलाएं), चोलापुर से छह (दो पुरुष, चार महिलाएं), लालपुर से चार (एक पुरुष, तीन महिलाएं), लोहता से तीन (दो पुरुष, एक महिला), कैंट से दो (एक पुरुष, एक महिला) और रोहनिया से एक पुरुष को सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बरामद सभी गुमशुदा व्यक्तियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। लंबे समय से अपनों की तलाश कर रहे परिवारों के लिए पुलिस की यह कार्रवाई राहत भरी रही। विशेष रूप से बरामद 65 महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाना अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

डीसीपी वरुणा जोन कार्यालय की ओर से बताया गया कि अभी भी जिन गुमशुदगी के मामलों में बरामदगी नहीं हो सकी है, उन्हें अभियान में प्राथमिकता पर रखा गया है। प्रत्येक लंबित गुमशुदगी के मामले में एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को नियुक्त किया गया है, ताकि हर मामले की अलग से निगरानी करते हुए संभावित स्थानों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को लेकर अभियान को केवल एक सप्ताह तक सीमित नहीं रखा जाएगा। लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार सर्विलांस सेल समेत अन्य पुलिस इकाइयों की मदद ली जाएगी। पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक गुमशुदा व्यक्ति को सुरक्षित बरामद कर उसके परिवार तक पहुंचाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी