home page

यूपी कालेज में छात्र सूर्यप्रताप सिंह हत्याकांड मामले में छात्रों ने सिर मुड़ा कर परिसर में दिया धरना

 | 

—कालेज के प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े, अफसरों ने समझाया- बुझाया

वाराणसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी भोजुबीर स्थित उदय प्रताप कालेज (यूपी कालेज) के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या मामले को लेकर परिसर बुधवार को भी गर्म रहा। इस प्रकरण में कालेज के प्राचार्य की भूमिका से नाराज छात्रों के एक गुट ने उन्हें हटाने की मांग कर परिसर में धरना प्रदर्शन किया। घटना के विरोध में सिर मुड़ाकर छात्रों ने नाराजगी जताई।

छात्रों के धरना प्रदर्शन की जानकारी पर फोर्स के साथ अफसर अफसर भी मौके पर पहुंच गए। अफसर धरनारत छात्रों को समझाने बुझाने में जुटे रहे। उधर,इस घटना के मुख्य आरोपित छात्र मंजीत चौहान को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, दूसरे आरोपित ने भी न्यायालय में पुलिस की सक्रियता को धता बताते समर्पण (सरेंडर) कर दिया। सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड में दूसरे आरोपित अनुज सिंह मौर्य को कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। आरोपित अनुज सिंह मौर्य चांदमारी बसनी गांव का निवासी है और जेल भेजे गए मंजीत चौहान का साथी है। वह सूर्य की हत्या में नामजद था। शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार इस मामले में दूसरे आरोपित को न्यायालय ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। बताते चले उदय प्रताप कॉलेज में बीते 20 मार्च को बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली कर हत्या कर दी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी