home page

तुलसीघाट पर साकार हुई द्वापर युग की लीला, कान्हा ने किया कालिया नाग का मान मर्दन

 | 
तुलसीघाट पर साकार हुई द्वापर युग की लीला, कान्हा ने किया कालिया नाग का मान मर्दन


तुलसीघाट पर साकार हुई द्वापर युग की लीला, कान्हा ने किया कालिया नाग का मान मर्दन


—गंगा बनी कालिंदी, कदंब की डाल से नदी में कूदे कान्हा, अस्सीघाट से निषादराज घाट तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

वाराणसी, 13 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) शुक्रवार शाम भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत नागनथैया लीला की साक्षी बनी। तुलसीघाट पर गंगा की धारा प्रतीकात्मक रूप से यमुना (कालिंदी) में परिवर्तित हो गई और द्वापर युग के गोकुल-वृंदावन का दृश्य साकार हो उठा। जैसे ही कान्हा ने कालिया नाग के फन पर चढ़कर नृत्य किया और बांसुरी बजाई, पूरा गंगा तट ‘वृंदावन बिहारी लाल की जय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। इस अलौकिक झांकी के दर्शन के लिए अस्सीघाट से निषादराज घाट तक लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

काशी के लक्खा मेले में शुमार करीब पांच सौ वर्ष पुरानी इस परंपरा का निर्वहन इस वर्ष भी अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वावधान में किया गया। मान्यता है कि गोस्वामी तुलसीदास ने इस लीला की शुरुआत की थी। कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के अवसर पर दोपहर तीन बजे से ही तुलसीघाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। घाटों की सीढ़ियां, आसपास के मकानों की छतें और गंगा की धारा में खड़ी नौकाएं श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं।

लीला का शुभारंभ श्री संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र की देखरेख में हुआ। लीला के दौरान श्रीकृष्ण अपने सखाओं के साथ यमुना (गंगा) तट पर कंदुक क्रीड़ा यानी गेंद खेलते दिखाई दिए। इसी बीच गेंद नदी में जा गिरी। संकीर्तन मंडली ने ब्रजविलास का दोहा ‘रोए चले श्रीदामा घर को…’ गाकर लीला को आगे बढ़ाया। सखाओं ने कान्हा से नदी में उतरकर गेंद वापस लाने का आग्रह किया।इसके बाद शाम 4:40 बजे कान्हा कदंब के वृक्ष की डाल से गंगा में छलांग लगा गए। काफी देर तक उनके वापस नहीं लौटने पर सखाओं की व्याकुलता बढ़ने लगी। तभी अचानक कालिया नाग के विशाल फन पर नृत्य करते और बांसुरी बजाते हुए श्रीकृष्ण प्रकट हुए। इस अद्भुत दृश्य को देखकर घाट पर मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कुछ ही क्षणों की इस दिव्य झांकी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।लीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मान मर्दन कर अधर्म और अहंकार पर धर्म की विजय का संदेश दिया। वहीं, प्रतीकात्मक रूप से इस प्रसंग को गंगा और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने की प्रेरणा से भी जोड़ा गया।लीला के समापन पर अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के सदस्य बजड़े पर सवार होकर भगवान की महाआरती में शामिल हुए।

इस अवसर पर काशी नरेश परिवार के उत्तराधिकारी महाराज डॉ. अनंत नारायण सिंह अपने पुत्रों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की झांकी का दर्शन किया और परंपरा के अनुसार लीला समिति के व्यवस्थापक को स्वर्ण मुद्रा (सोने की गिन्नी) भेंट की।काशी की धार्मिक मान्यता के अनुसार नागनथैया लीला के दर्शन के लिए स्वयं भगवान शिव भी आते हैं। इसी मान्यता के प्रतीक स्वरूप काशी नरेश परिवार की उपस्थिति इस आयोजन की परंपरागत गरिमा को विशेष महत्व देती है। इस अवसर पर अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र ने समस्त काशीवासियों की ओर से काशीराज परिवार के वंशज महाराज डॉ. अनंत नारायण सिंह को पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया।करीब पांच मिनट की इस दिव्य झांकी को देखने के लिए गंगा की लहरों पर खड़ी नौकाओं से लेकर घाटों की सीढ़ियों तक श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्ति, परंपरा और लोक आस्था के अद्भुत संगम ने एक बार फिर नागनथैया लीला के माध्यम से काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी