वाराणसी के थाना चौक को मिला आईएसओ-9001:2015 प्रमाणपत्र
कमिश्नरेट वाराणसी का प्रथम प्रमाणित थाना
वाराणसी,27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिसिंग ने गुणवत्ता आधारित पुलिसिंग में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शहर के थाना चौक को आईएसओ -9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर थर्ड पार्टी ऑडिट में खरा उतरकर थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी का प्रथम आईएसओ प्रमाणित थाना बन गया है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण से लेकर अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, आगंतुक सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, प्रभावी जनसंवाद एवं पुलिसकर्मियों के नियमित प्रशिक्षण तक-थाना चौक ने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर अपनी कार्यकुशलता साबित की।
कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण तक हर महत्वपूर्ण कसौटी पर थाना चौक की कार्यप्रणाली को परखा गया। आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग को भी निर्धारित मानकों में शामिल किया गया।
लगातार तीन माह के निरीक्षण के बाद मिला प्रमाणपत्र
पुलिस कमिश्नर के अनुसार तीन माह तक लगातार चली थर्ड पार्टी ऑडिट की कसौटी पर थाना चौक की कार्यप्रणाली परखी गई। सेवाओं की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद थाना चौक को आईएसओ-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने थाना चौक की इस उपलब्धि पर समस्त अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी गुणवत्ता को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने थाना चौक का किया निरीक्षण
पुलिस आयुक्त ने थाना चौक का निरीक्षण किया। कार्यालय से साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केन्द्र तक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क एवं मिशन शक्ति केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्रीय व्यापारियों ने पुलिस आयुक्त को सम्मानित कर अपना आभार व्यक्त किया। मिशन शक्ति केन्द्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विद्यालय, कोचिंग संस्थान, हॉस्टल एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर पहुँचकर मिशन शक्ति, 112, 1090, 1076 एवं 1930 के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस आयुक्त ने आमजन को अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से अपराध की रोकथाम एवं घटनाओं के अनावरण पर विशेष जोर दिया।
पुलिसिंग में योगदान देने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
चौक थाने में उत्कृष्ट कार्य एवं बेहतर पुलिसिंग में योगदान देने वाले पुलिसकर्मी उपनिरीक्षक
मानसी वर्मा, हे0का0 कृष्ण कुमार सिंह, का0 सुनील कुमार, महिला सिपाही दिव्या सिंह, तेजस्वी ओझा, प्राची शुक्ला को पुलिस आयुक्त ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल एवं वालंटियर विजय मिश्रा को भी सम्मानित करते हुए उनके सहयोग एवं सक्रिय योगदान की सराहना की गई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

