home page

स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर ने छात्रों को स्वदेशी समर्थक का दिलाया संकल्प

 | 
स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर ने छात्रों को स्वदेशी समर्थक का दिलाया संकल्प


वाराणसी,20 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के आनुषंगिक संगठन स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर की ओर से गुरूवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उद्यमिता प्रोत्साहन एवं मैं भी स्वदेशी समर्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भैरव तालाब, राजातालाब स्थित महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि रोहनिया के पूर्व भाजपा विधायक सुरेन्द्र नारायण सिंह 'औढ़े' ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने अपने उद्बोधन में स्वावलंबी भारत अभियान एवं भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को आत्मसात करने पर जोर दिया। पूर्व विधायक ने युवाओं को अपने दैनिक जीवन में प्रयोग होने वाले चीजों को नवाचार के माध्यम से भारत में उत्पादन करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। उद्यमिता दिवस 21 अगस्त 2026 के अवसर पर हुए कार्यक्रम में सभी ने मै भी स्वदेशी समर्थक का संकल्प लिए। कार्यक्रम में उद्यमिता प्रोत्साहन के लिए प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सुमन लता, संचालन काशी महानगर की संयोजिका कविता मालवीय और धन्यवाद ज्ञापन कृपा शंकर सिंह ने दिया। कार्यक्रम को भाजपा के वाराणसी जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, गौ सेवा प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काशी प्रांत अरविंद ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के उमाकांत सिंह,रणजीत सिंह,विक्की सिंह अपना दल, प्रभाकर जायसवाल,किरण पांडेय,दुर्गनाशिनी सहित पीजी कालेज के विद्यार्थियों की भी उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी