home page

वाराणसी: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वाँ दीक्षान्त समारोह अब 29 जुलाई को

 | 
वाराणसी: सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वाँ दीक्षान्त समारोह अब 29 जुलाई को


— राज्यपाल एवं कुलाधिपति के विशेष कार्याधिकारी के निर्देश पर तिथि में बदलाव, 30 की जगह 29 जुलाई को होगा आयोजन

वाराणसी, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद स्थित सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षान्त समारोह की तिथि में परिवर्तन किया गया है। अब यह समारोह पूर्व निर्धारित 30 जुलाई की जगह एक दिन पहले 29 (बुधवार) को विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजित होगा।

विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन के विशेष कार्याधिकारी के पत्र के अनुपालन में समारोह की तिथि में संशोधन किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार काे कार्यालय-ज्ञापन जारी कर सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, विभिन्न समितियों, अधिकारियों तथा संबंधित शाखाओं को आवश्यक तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा की स्वीकृति के उपरांत कुलसचिव राकेश कुमार ने संशोधित तिथि से संबंधित कार्यालय-ज्ञापन जारी किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षान्त समारोह में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, आमंत्रित अतिथियों एवं संबंधित अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार अपनी तैयारियाँ पूर्ण करें, ताकि विश्वविद्यालय का 44वाँ दीक्षान्त समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी