home page

वाराणसी पुलिस ने मुठभेड़ में शातिर चैन स्नैचर को दबोचा,बदमाश के पैर में लगी गोली

 | 

वाराणसी,08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद की शिवपुर पुलिस ने रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास बीती रात मुठभेड़ में शातिर चेन स्नेचर को दबोच लिया। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान किरहिया, थाना भेलूपुर वाराणसी निवासी बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी के रूप में हुई। मुठभेड़ की जानकारी पाते ही अफसर भी मौके पर पहुंच गए। अफसरों की मौजूदगी में बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

शिवपुर प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा गुरूवार देर रात पुलिस कर्मियों के साथ रिंग रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भोर में बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार एक युवक आता दिखा। पुलिस कर्मियों ने उसे रूकने का संकेत दिया तो वह बाइक मोड़ कर भागने लगा। यह देख पुलिस टीम ने उसका पीछा कर कानूडीह-सरसवां लिंक मार्ग पर घेर लिया। यह देख बाइक सवार ने पीछा मुड़ कर भागना चाहा तो बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपित ने पुलिस पर तमंचे से फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

फायरिंग में एक गोली बदमाश को लगी तो वह गिर पड़ा। यह देख पुलिस कर्मियों ने उसे घेर कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से .15 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और लूट के 3630 रूपया भी बरामद हुआ। पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक को जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने साथी अमन यादव के साथ 30 अप्रैल 2026 को विश्वनाथपुरी कॉलोनी, शिवपुर में महिला से चैन लूटी थी। चैन अमन ने ज्वैलर्स को बेची, जिसमें से बादल को 7000 रूपये मिले। वह रकम शराब और गांजे में उड़ा दी। बरामद 3630 रूपये उसी लूट के बचे पैसे हैं। आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी के साथ बिना नंबर प्लेट की बाइक से वारदात करता था। आज भी वह अमन के साथ क्षेत्र में एक और लूट की रेकी करने निकला था। शिवपुर थाना प्रभारी के अनुसार फरार अमन यादव और चैन खरीदने वाले ज्वैलर्स की तलाश में दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी