home page

मलदहिया विनायक प्लाजा में दक्षिण भारतीय युवक का शव मिला,पुलिस छानबीन में जुटी

 | 

—शरीर पर मिले चोट के निशान,पुलिस अफसरों ने जताई आत्महत्या की आशंका

वाराणसी,08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित 'विनायक प्लाजा' परिसर में शुक्रवार को एक 28 वर्षीय दक्षिण भारतीय युवक का शव मिला। मृत युवक के शरीर पर चोट के निशान और पास मिली डायरी में 'सॉरी' लिखा देख मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया। फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या मान कर छानबीन में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार विनायक प्लाजा के ए-ब्लॉक की दूसरी मंजिल पर एक खाली दुकान के बगल में स्थित जगह में युवक का शव पीठ के बल पड़ा देख आसपास के दुकानदारों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा, एसओजी और फॉरेंसिक टीम के साथ डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी वैभव बांगर भी पहुंच गए। अफसरों ने गहन छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डीसीपी गौरव बंसवाल ने पत्रकारों को बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। मौके पर शव के पास एक डायरी मिली है, जिसमें 'सॉरी' लिखा हुआ एक नोट बरामद हुआ है। साथ ही, उसके पर्स से मिले आईडी कार्ड से उसकी पहचान भरत कन्ना के रूप में हुई। पुलिस कॉम्प्लेक्स में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि युवक की गतिविधियों और उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के परिजनों के आने के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी