home page

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने किया 'अनासक्तिः दुख से निवृत्ति का सूत्र' पुस्तक का विमोचन

 | 
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने किया 'अनासक्तिः दुख से निवृत्ति का सूत्र' पुस्तक का विमोचन


वाराणसी,21 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन शनिवार को ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने केदारघाट स्थित श्री विद्यामठ में पुस्तक 'अनासक्तिः दुख से निवृत्ति का सूत्र' का विमोचन किया। यह पुस्तक स्वयं शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के गूढ़ और ज्ञानवर्धक प्रवचनों का ही एक संकलन है। जिसे श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए पुस्तक का रूप दिया गया है। इस पुस्तक के संपादक बटुक योगेश नाथ त्रिपाठी हैं।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते शंकराचार्य ने पुस्तक के लेखक की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता यह नहीं है कि यह पुस्तक हमारे प्रवचनों का संकलन है,बल्कि प्रसन्नता का विषय यह है कि हमारे ही विद्यालय से पढ़ चुके छात्र योगेश नाथ त्रिपाठी ने इसका सफलतापूर्वक संपादन किया है। शंकराचार्य ने इसे अत्यंत संतोष का क्षण बताया। उन्होंने संपादक बटुक योगेश नाथ को अपना शुभाशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि वे भविष्य में इसी प्रकार अन्य गूढ़-गूढ़ ग्रंथों का संपादन कर आगे बढ़ें। विमोचन समारोह में प्रकाशन विभाग के प्रमुख रंजन शर्मा, डॉ. शशिकांत यादव, पंकज पांडेय, डॉ. निशिता,संजय पाण्डेय आदि की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी