उत्तर प्रदेश : सरकारी शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को लिए मिलेगा ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स’
—पहले संस्करण के लिए आवेदन शुरू, 20 सितंबर तक किए जा सकेंगे ऑनलाइन नामांकन
वाराणसी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सरकारी शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) को अब ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। डालमिया भारत फाउंडेशन समर्थित शैक्षिक संगठन सीखो सिखाओ फाउंडेशन (एसएसएफ) ने शुक्रवार को पुरस्कार के पहले संस्करण की घोषणा की और इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी।
फाउंडेशन की संस्थापक अनुपमा डालमिया ने बताया कि ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स’ प्रदेश की सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने की अपनी तरह की पहल है। इसके तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों से ऐसे शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और बीआरसी को चिन्हित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षण-प्रशिक्षण, विद्यालय प्रबंधन, सामुदायिक भागीदारी और विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पहले संस्करण में उत्कृष्टता को पांच श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें शिक्षक पुरस्कार, विद्यालय पुरस्कार, ग्राम पंचायत पुरस्कार, बीआरसी पुरस्कार और बालिका शिक्षा पुरस्कार शामिल हैं। अनुपमा डालमिया ने कहा कि सीखो सिखाओ की शुरुआत इस विश्वास के साथ हुई कि शिक्षा में स्थायी बदलाव किसी एक संगठन के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए शिक्षक, अभिभावक, समुदाय और सरकारी संस्थाओं को मिलकर काम करना जरूरी है और बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी साझा रूप से निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ के लिए आवेदन 20 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। प्राप्त नामांकनों का मूल्यांकन प्रदेश के चार भौगोलिक क्षेत्रों—पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड और पूर्वांचल—के आधार पर किया जाएगा। प्रत्येक क्षेत्र से पांच श्रेणियों में एक-एक विजेता और एक-एक उपविजेता चुना जाएगा।
राज्य स्तरीय ‘बालिका शिक्षा पुरस्कार’ को शामिल करने के बाद पहले संस्करण में पूरे प्रदेश से कुल 17 विजेताओं और 16 उपविजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में की जाएगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों से इच्छुक व्यक्ति और संस्थान फाउंडेशन की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

