home page

वाराणसी : हनुमान जन्मोत्सव पर नमामि गंगे ने हनुमान घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान

 | 
वाराणसी : हनुमान जन्मोत्सव पर नमामि गंगे ने हनुमान घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान


—भारत की सुख समृद्धि की कामना से उतारी बड़े हनुमान जी की आरती

वाराणसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। महाबली हनुमान के प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के संदेशों को अनुसरण करने का आवाह्न करते हुए हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरूवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में नमामि गंगे की स्वयंसेवी टीम ने हनुमान घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। हनुमान घाट स्थित प्राचीन बड़े हनुमान जी की आरती उतार कर भारत के लिए सुख समृद्धि की कामना की । इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घाट से पूजा सामग्री और अन्य कचरा हटाकर गंगा की स्वच्छता का संदेश दिया। घाट पर पसरी गंदगी को साफ कर 'स्वच्छ गंगा' का संकल्प लिया गया।

सफाई के बाद कार्यकर्ताओं ने हनुमान जी का चित्र लेकर मां गंगा की आरती उतारी, सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं से पूजा के बाद सामग्री गंगा घाटों पर न डालकर, डस्टबिन में डालने की अपील की गई। नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने बताया कि हनुमान जी और पर्यावरण संरक्षण का गहरा संबंध है, जो वनचर होने के कारण प्रकृति के रक्षक, वन-संरक्षक और हरियाली के प्रतीक माने जाते हैं। श्री रामचरितमानस के अनुसार, प्रकृति के तत्वों—जल, वायु, और भूमि—का सम्मान करना चाहिए। हनुमान जी न केवल शक्ति के प्रतीक हैं, बल्कि वे वनवासियों के रक्षक भी हैं, जो हमें प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहने का संदेश देते हैं। आयोजन में प्रमुख रूप से अभिषेक शर्मा, शुभम सिंह ,अनुज सिंह, करण सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि ने भागीदारी की।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी