home page

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी की दो बीमा सखियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

 | 
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी की दो बीमा सखियों को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित


- सरस मेला का हुआ समापन

वाराणसी,02 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित 11 दिवसीय रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेले का समापन हुआ। इस आवासीय मेले में विभिन्न प्रदेशों एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई महिला समूहों ने लगभग एक करोड़ रूपये का कारोबार किया। सरस मेले में सजावटी सामग्री, खाद्य प्रसाद, पीतल की सामग्री, अचार मुरब्बा, लेदर के सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कुर्ती, चादर, कालीन जुट के उत्पाद, मूंज के उत्पाद आदि प्रमुख थे।

कार्यक्रम में अम्बा श्री नीलम वाराणसी, रीता देवी झारखण्ड, कविता देवी सहारनपुर एवं सीमा देवी हरदोई ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। इस अवसर पर समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आह्वान किया कि समूह से और महिलाओं को भी जोड़ें। प्रदेश में एक करोड़ महिलाओं को लखपति महिला क्लब में शामिल करने एवं करोड़पति महिला बनाने का आह्वान किया। आने वाले दिनों में सरस मेले के आयोजन कराये जाने की घोषणा की। जिससे अन्य प्रदेशों एवं अन्य जनपदों से आने वाली महिलाओं से प्रेरित होकर दूसरी महिलाएं भी आगे आकर कार्य कर सकें। महिलाओं के कार्यों उनके उत्पादों की सराहना भी की।

उपमुख्यमंत्री ने स्टालों का अवलोकन कर उत्पादों की जानकारी भी ली। उन्होंने आजीविका मिशन की तरफ से लगाये गए फ़ूड कोर्ट कार्य को सराहा। समारोह में उपमुख्यमंत्री ने वाराणसी की दो बीमा सखियों मीना देवी व प्रतिभा देवी, दो लखपति महिला शर्मीला देवी व लक्ष्मी वर्मा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जनपद के 703 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि एवं 20 समूहों को रिवाल्विंग फण्ड मद में कुल 10 करोड़ साठ लाख पचास हजार रुपये का प्रतीकात्मक रूप से चेक उपलब्ध कराया गया। साथ ही दो समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराते हुए उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किया गया।

मेले में सबसे अधिक बिक्री करने के लिए लखीमपुर खीरी के समूह को प्रथम पुरस्कार एवं मीरजापुर के जनपद को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। दोनों स्टाल पर लेदर एवं बांस के उत्पाद का बिक्री एवं प्रदर्शनी की गयी। मेले में सबसे अधिक खूबसूरत स्टाल सजावट के लिए मालिक मरदान शाह समूह गाजीपुर को सम्मानित किया गया। मेले की उपलब्धि एवं आजीविका मिशन की प्रगति मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया।

कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, पूर्व मेयर कौशलेन्द्र सिंह आदि भी मौजूद रहे। कार्य्रकम में पैकेजिंग ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषयक कार्यशाला भी आयोजित की गयी। कार्यक्रम का संचालन सुजीत चौबे व धन्यवाद ज्ञापन उपायुक्त स्वत: रोजगार ने दिया।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी