(अपडेट) भदोही जिले का नाम संत रविदास नगर ही रहेगा : योगी आदित्यनाथ
—मुख्यमंत्री ने संत रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर में 'समरसता संकल्प अभियान' का किया शुभारंभ
केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 'प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी' भजन गाया
वाराणसी, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और संत शिरोमणि गुरू रविदास महाराज की 650वें प्रकाश वर्ष के पावन अवसर पर सीर गोवर्धनपुर स्थित उनके जन्म स्थली मंदिर में सिर नवाया। उसके बाद उन्होंने पास ही रविदास स्मारक में संत रविदास के विशाल कास्य प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास पार्क के पास मैदान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित समरसता संकल्प अभियान की शुरूआत की। उन्हाेंने कहा कि यह एक राष्ट्रव्यापी सामाजिक संपर्क अभियान है। जो लगभग सात महीने तक चलेगा और इसका उद्देश्य संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव और जाति-विहीन समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश देना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि भदाेही जिले का नाम पुन: संत रविदास नगर हाेगा। पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार ने इस जिले का नाम बदलकर भदोही कर दिया था। समाजवादी पार्टी ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और संत रविदास के सम्मान से जुड़ी पहचान बदलने का प्रयास किया, लेकिन डबल इंजन की सरकार इस पहचान को वापस लाएगी।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लेकर कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा अंबेडकर के नाम से बदल दिया था, जिसको हमने पुनः बाबा अम्बेडकर के नाम पर किया। औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम माता अहिल्याबाई के नाम पर किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर एयरपोर्ट का नामकरण संत रविदास जी के नाम पर और अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम संत बाल्मीकि के नाम पर किया गया है।
सभा में मुख्यमंत्री ने लोगों से संत रविदास के सामाजिक समरसता व समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत रविदास जी ने संत रामानंद के अभियान अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण को चरितार्थ किया। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण करके विकसित भारत के अभियान को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने मां गंगा के प्रति अपनी असीम भक्ति प्रदर्शित करते हुए 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' को उल्लेखित किया। संत रविदास जी महाराज भेदभाव से रहित समतामूलक समाज के अग्रसर थी। उन्होंने कहा संत रविदास जी कहते थे ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे पूरा करने का कार्य अन्न योजना से किया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना बिना जात पात देखे वर्ष 2020 से निरंतर 81 करोड़ लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सभी जिलों में बाबा अम्बेडकर के नाम पर मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय बनाने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में समतामूलक समाज की स्थापना हेतु सभी परम्पराओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सभा में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डालते हुए सभी को इनके बताए जीवन पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर के संविधान सभा में समानता और भाईचारा का संदेश को बताया। केन्द्रीय मंत्री ने गुरु रविदास के भजन 'प्रभुजी तुम चंदन मैं पानी' को भी गाकर सभी को सुनाया।
सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि इस अभियान से हम सरकार द्वारा किए गए कार्यों से सभी को जोड़ने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास की प्रतिमा के सामने दीपोत्सव के साथ उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य सभी कार्यकर्ता करेंगे। भाजपा सरकार सभी विधानसभा में संत रविदास समेत सभी विभूतियों के मूर्तियों को बचाने का कार्य कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था संत रविदास जी ने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को उच्च स्तर पर लाने का कार्य किया था। संत रविदास जी के विचारों को मानने वाले एक-एक व्यक्ति तक हम जाकर उनको जोड़ने का कार्य करेंगे। संत रविदास की पावन माटी पूरे देश में सभी बूथों तक जाएगी।
सभा में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह समरसता का आयोजन पुण्य संत शिरोमणि रविदास के आदर्शों पर चलने को हमें प्रेरित करता है। उन्होंने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास के कहे वाक्य ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न को अपने शासन में चरितार्थ किया है। उन्होंने सपा सरकार में संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही करने को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग संतों का अपमान करते हैं।
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि संत रविदास ने समाज को जोड़ने के लिए अनेकों कार्य 650 साल पहले किया था। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व राज्य सभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि आज संत रविदास की पवित्र नगरी के लिए प्रधानमंत्री के प्रयासों से दो ट्रेनों का संचालन पंजाब से किया जा रहा है। उन्होंने बताया देश के दो प्रमुख एयरपोर्ट का नाम महान विभूतियों के नाम पर रखा गया है, जिसमें अयोध्या एयरपोर्ट का नाम बाल्मीकि जी तथा आदमपुर एयरपोर्ट का नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर रखा गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समरसता, समानता और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वही भारत की सांस्कृतिक आत्मा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलेगा और संत रविदास के विचारों को गांव-गांव तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने संत रविदास जी से जुड़े तीर्थस्थलों के विकास, उनके सम्मान और विरासत के संरक्षण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अवसर और भागीदारी पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा संत रविदास के समरस समाज के आदर्श को जन-जन तक ले जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अभियान के माध्यम से जातिगत भेदभाव मिटाने, सामाजिक सद्भाव बढ़ाने और संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संचालन करने के साथ विषय प्रस्तावना रखा। धन्यवाद ज्ञापन समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत निरंजन दास को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जगदगुरू नरेंद्रानंद जी महाराज, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, उत्तराखंड के मंत्री खजान दास जी, दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, संजीव गोंड़, रविंद्र जायसवाल, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया,पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक टी राम, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सुनील पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश महामंत्री रामप्रकाश सिंह, त्रयंम्बक त्रिपाठी, अनिल यादव, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि आदि की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

