स्वनिधि से समृद्धि योजना में काशी को देशभर में दूसरा स्थान, दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
—दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में वाराणसी ने लहराया परचम
67,747 वेंडर्स को प्रथम ऋण व 3.17 लाख से अधिक को सरकारी योजनाओं से जोड़कर काशी ने रचा कीर्तिमान
वाराणसी, 20 नवम्बर (हि.स.)। पटरी व्यवसाइयों (स्ट्रीट वेंडर्स) को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में वाराणसी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में वाराणसी को पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 से नवाजा गया। 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में 'स्वनिधि से समृद्धि' अभियान के तहत वाराणसी को देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। यह जानकारी वाराणसी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।
बताया गया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा वित्तीय सेवाएं विभाग (भारत सरकार) द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में वाराणसी के निवर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल व डूडा की परियोजना अधिकारी निधि वाजपेई ने यह प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। यह राष्ट्रीय पुरस्कार निवर्तमान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निरंतर समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण के कारण प्राप्त हुआ है, जिससे जमीनी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता आई। इस उपलब्धि पर महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरी टीम और शहर के पथ विक्रेताओं की मेहनत का परिणाम बताया है।
——तीन लाख से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर बनाया कीर्तिमान
पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण वितरण, डिजिटल ऑनबोर्डिंग, नवाचार और स्ट्रीट वेंडर्स के परिवारों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने ('स्वनिधि से समृद्धि') के उत्कृष्ट कार्य के लिए काशी का चयन किया गया। नगर निगम और डूडा की टीम द्वारा लगातार कैंप लगाकर 61,219 वेंडर्स व उनके परिवार के 1,88,352 सदस्यों की प्रोफाइलिंग की गई। इसके माध्यम से 'स्वनिधि से समृद्धि' योजनांतर्गत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में 3,17,401 लिंकेज सुनिश्चित किए गए। यही नहीं, शहर के 60,393 वेंडर्स को डिजिटल रूप से सक्रिय करते हुए क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन लेन-देन से जोड़ा गया है, जिस पर केंद्र सरकार ने अपनी मुहर लगाई है।
——उत्तर प्रदेश की झोली में आए कुल आठ राष्ट्रीय पुरस्कार
इस समारोह में उत्तर प्रदेश का दबदबा रहा और प्रदेश को कुल आठ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय श्रेणी में सूडा के निदेशक डॉ. राजा गणपति आर. ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से यह सम्मान ग्रहण किया। इस दौरान सूडा के फाइनेंस कंट्रोलर रजनीकांत वर्मा भी मौजूद रहे।
——एक नजर: उत्तर प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियां
राज्य स्तरीय अवार्ड (3): 'स्वनिधि से समृद्धि' में प्रथम रैंक, ओवरआल परफार्मेंस में द्वितीय रैंक और स्पेशल कैंपेन में द्वितीय रैंक। नगर निकाय स्तरीय अवार्ड (5): प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों— वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ को राष्ट्रीय सम्मान मिला।
इस उपलब्धि पर वाराणसी महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि काशी के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप शहर के अंतिम पायदान पर खड़े पटरी व्यवसाइयों को सम्मान और आत्मनिर्भरता दिलाने का हमारा संकल्प निरंतर साकार हो रहा है। यह राष्ट्रीय पुरस्कार नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और मेहनतकश स्ट्रीट वेंडर्स के सामूहिक प्रयासों की जीत है। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत हमारा मुख्य फोकस पात्र स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों को शत-प्रतिशत सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने पर रहा है। वेंडिंग जोन के विकास, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और त्वरित ऋण वितरण के कारण काशी को यह मुकाम हासिल हुआ है। आगे भी इसी गति से कार्य जारी रहेगा।
परियोजना अधिकारी (डूडा) निधि वाजपेई ने कहा कि यह सम्मान शहर के हजारों पथ विक्रेताओं की मेहनत और नगर निगम व डूडा टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। हमारा लक्ष्य शत-प्रतिशत पात्र वेंडर्स और उनके परिवारों को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

