home page

राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, विरोध प्रदर्शन

 | 
राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल के खिलाफ समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा, विरोध प्रदर्शन


—सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ऊपर कथित विवादित टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ताओं ने मंत्री के पोस्टर को पीटा

वाराणसी, 09 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर कथित विवादित टिप्पणी करने वाले राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता मुखर है। राज्यमंत्री के बयान की निंदा के साथ कार्यकर्ता उनके पोस्टर और तस्वीर पर जूते मार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाही की मांग कर रहे है। गुरूवार को वाराणसी जिला मुख्यालय पर जुटे कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।

मंत्री रविंद्र जायसवाल के पोस्टर को जमीन पर रखकर उस पर जूते मारने के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। विरोध प्रदर्शन में शामिल पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार संवेदनशील नहीं है। विरोध प्रदर्शन में राजू यादव,इस्तकबाल कुरैशी,दिलशाद आदि शामिल रहे।

——सपा के प्रदर्शन की कड़ी निंदा

राज्यमंत्री व वाराणसी शहर उत्तरी के विधायक रविन्द्र जायसवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के तरीके को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी जताई है। भाजपा के विधि प्रकोष्ठ, काशी क्षेत्र संयोजक अधिवक्ता शशांक शेखर ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन उसकी भी एक मर्यादा और सीमा होती है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल के विरुद्ध समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस प्रकार अमर्यादित भाषा, गाली-गलौज और फोटो पर चप्पल-जूते बरसाने जैसी अशोभनीय हरकतें की गईं, उसकी कठोरतम शब्दों में घोर निंदा करता हूँ। राजनीतिक असहमति को अभद्रता और असंसदीय आचरण में बदलना लोकतांत्रिक संस्कार नहीं है। लोकतंत्र की मर्यादा शब्दों और आचरण से तय होती है, जूते-चप्पलों और गाली-गलौज से नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी