वाराणसी में 04 जुलाई को लगेगा एकदिवसीय रोजगार मेला, 10 कंपनियां करेंगी भर्ती
— क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर, चौकाघाट में लगेगा मेला,युवा पूर्वांह 11 बजे बायोडाटा के साथ उपस्थित हो
वाराणसी, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, चौकाघाट के परिसर में 04 जुलाई को एकदिवसीय निःशुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 10 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि एन.एस.एस. सिक्यूरिटी सर्विसेस द्वारा टाटा एयरपोर्ट, रांची एयरपोर्ट और गया एयरपोर्ट के लिए सिक्यूरिटी गार्ड एवं ड्राइवर के पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट तथा आयु 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 19,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।
इसके अलावा टाटा स्ट्राइब कंपनी फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, रेस्टोरेंट मैनेजर और किचन स्टाफ के पदों पर भर्ती करेगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण तथा 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
ट्राई फोर्स कंपनी हेल्पर, राजमिस्त्री और बढ़ई मिस्त्री के पदों के लिए भर्ती करेगी। इन पदों हेतु शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल तथा आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
वहीं ,आर.एस.जी. कंपनी सर्वे एग्जीक्यूटिव, सुपरवाइजर, एचआर मैनेजर और कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर नियुक्ति करेगी। इन पदों के लिए इंटरमीडिएट, स्नातक अथवा परास्नातक उत्तीर्ण तथा 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 से 24,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन प्रदान किया जाएगा।
दीप सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 10 कंपनियां भाग लेंगी। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की कि वे 4 जुलाई को पूर्वाह्न 11:30 बजे क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, चौकाघाट परिसर में अपना बायोडाटा एवं आवश्यक शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होकर रोजगार मेले का लाभ उठाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

