home page

वाराणसी बाबतपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बुलेट सवार छात्र की मौत

 | 
वाराणसी बाबतपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से बुलेट सवार छात्र की मौत


वाराणसी,22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर चौराहे के समीप बुधवार दोपहर सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट पहने होने के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान फूलपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर निवासी अस्मित उर्फ गोलू पटेल (20), पुत्र जयप्रकाश पटेल के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्मित ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वाराणसी शहर के एक कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था। बुधवार को वह प्रतिदिन की तरह कोचिंग से पढ़ाई कर बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह बाबतपुर चौराहे के पास पहुंचा, तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया गया है तथा वाहन को भी कब्जे में कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों के अनुसार अस्मित दो भाइयों में बड़ा था और पढ़ाई में अत्यंत मेधावी था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी