वाराणसी के लोहता में तेज रफ्तार डीसीएम ने साइकिल सवार समेत दाे को राैंदा, दोनाें की मौत
वाराणसी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरी गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार एक डीसीएम ट्रक ने साइकिल सवार फल विक्रेता समेत दो लोगों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक डीसीएम समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतकों की पहचान लोहता भट्ठी गांव निवासी छेदी बारी (60) और बड़ी मस्जिद, लोहता निवासी राशिद जमाल (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोहता भट्ठी गांव निवासी छेदी बारी फल का कारोबार करते थे। शनिवार को वह साइकिल पर केला लादकर जगन्नाथपुरी गांव की ओर जा रहे थे। गांव के समीप पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आए डीसीएम ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डीसीएम की चपेट में आए छेदी बारी सड़क पर गिर गए। इसके बाद अनियंत्रित वाहन ने आगे पैदल घर जा रहे राशिद जमाल को भी रौंद दिया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक डीसीएम की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग लोहता थाने पहुंच गए और फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर लोहता थानाध्यक्ष और एसीपी रोहनिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और चालक की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार, फरार डीसीएम चालक की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

