home page

राज्यपाल ने वाराणसी के असवारी गांव में ग्रीन आर्मी की महिलाओं से किया संवाद,कार्यों को सराहा

 | 
राज्यपाल ने वाराणसी के असवारी गांव में ग्रीन आर्मी की महिलाओं से किया संवाद,कार्यों को सराहा


राज्यपाल ने वाराणसी के असवारी गांव में ग्रीन आर्मी की महिलाओं से किया संवाद,कार्यों को सराहा


—साइकिल व चेक भी वितरित किया

वाराणसी, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को आराजी लाइन विकासखंड के राजातालाब स्थित असवारी गांव में ग्रीन आर्मी ऑफ वेलफेयर संस्था से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टॉल और सिलाई केंद्र का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को रोजगार के लिए ठेले वितरित किए तथा स्कूली बच्चों को साइकिल प्रदान की। इसके साथ ही ग्रीन आर्मी से जुड़ी महिलाओं को पारिश्रमिक के रूप में चेक भी सौंपे गए। अपने संबोधन में राज्यपाल ने महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शराबबंदी सहित सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में ग्रीन आर्मी की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

राज्यपाल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं सहायता समूहों के गठन और सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में होप वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव दिव्यांशु उपाध्याय ने बताया कि काशी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वाराणसी आने वाले पर्यटकों द्वारा गंगा घाटों पर स्नान के बाद छोड़े गए कपड़ों को एकत्र कर धुलाई और कटिंग के बाद ग्रीन आर्मी की महिलाएं आकर्षक बैग तैयार करती हैं। ये बैग वाराणसी नगर निगम को उपलब्ध कराए जाते हैं। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीडीओ विजय जायसवाल, एसडीएम शांतुन कुमार सिनसिनवार, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव, एसीपी संजीव शर्मा तथा अजय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी