इफको के नैनो उर्वरक जागरूकता अभियान में प्रचार रथ वाराणसी में 21 अप्रैल को आएगा
वाराणसी,12 अप्रैल (हि.स.)। इफको के देशव्यापी नैनो उर्वरक जागरूकता महाअभियान में प्रचार रथ उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में 21 अप्रैल को पहुंचेगा। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोड़ते हुए कम लागत में अधिक उत्पादन तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इफको वाराणसी के प्रमुख डॉ. विवेक दीक्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इस अभियान के तहत सभी ब्लॉक एवं न्याय पंचायत स्तर पर नैनो उर्वरकों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही किसानों को इसके उपयोग एवं लाभ के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नैनो उर्वरक पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों का प्रभावी विकल्प है, जिसे प्रधानमंत्री द्वारा लोकसभा में “भविष्य का स्मार्ट उर्वरक” बताया गया है।
डॉ दीक्षित ने बताया कि देशव्यापी नैनो उर्वरक जागरूकता महाअभियान की शुरुआत नई दिल्ली से इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी ने की। इस अवसर पर उन्होंने 5 नैनो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान देश के 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 560 जिलों और 3,477 तहसीलों में संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 को यह जागरूकता रथ जनपद वाराणसी पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय अभियान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में संचालित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

