home page

देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति की चर्चा : सुरेश खन्ना

 | 
देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति की चर्चा : सुरेश खन्ना


—नवनिर्माण के 09 वर्ष विकास की गति अपार, डबल इंजन सरकार

वाराणसी, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरूवार को कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर शांति कायम हुई है। जिससे विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके चलते देश और दुनिया में उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति की चर्चा होने लगी है।

प्रभारी मंत्री प्रदेश सरकार के 09 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि इन सालों में प्रदेश की कृषि विकास दर 08 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हुई है। 09 लाख लोगों को वर्तमान सरकार ने सरकारी नौकरी दी है। आयुष्मान योजना में सात करोड़ लोग इलाज कराके लाभांवित हुए हैं। पहले महिलाओं की पुलिस में संख्या लगभग दस हजार थी। लेकिन हमने अपनी आधी आबादी को बड़े मौके देते हुए चालीस हजार से ज्यादे महिलाओं को पुलिस में भर्ती किया है। पहले प्रदेश को बीमारू राज्य की संज्ञा दी गई थी लेकिन आज हम देश के सभी प्रमुख राज्यों में अग्रणी स्थान प्राप्त कर चुके हैं।

वित्त मंत्री ने कहा कि काशी में विगत 09 वर्षों में 35 हजार करोड़ के 486 परियोजनाओं को पूरा करके लोगों को लाभांवित किया गया है। तथा अठारह हजार के कार्य गतिमान हैं। जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि 19 मार्च 2017 को वर्तमान सरकार ने शपथ लिया था। तब से नौ वर्षों का यह कार्यकाल उत्तर प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम कार्यकाल साबित हुआ है। जनता का परसेप्शन तुरंत नहीं बदलता बल्कि यह कानून, विकास तथा रोजगार से होता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री आवास योजना लागू हुई लेकिन तत्कालीन सरकार के पौने दो साल के कार्यकाल में एक भी व्यक्ति को आवास नहीं मिला। लेकिन योगी सरकार के आने के बाद 22 लाख लोगों को आवास मुहैया कराया गया है। ये उत्तर प्रदेश की सरकार है जो सत्ता में आने के बाद छह करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर लाया है, ये आंकड़ा नीति आयोग ने दिया है। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालयों की संख्या बढ़ाकर ओडीएफ को बढ़ावा दिया गया। पहले महिलाओं को गिले लकड़ी पर खाना बनाना पड़ता था लेकिन उज्जवला योजना से लगभग दो करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन दिया गया। 18452 मजरों को विद्युत कनेक्शन करके एक करोड़ अठारह हजार लोगों को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। आज हर घर नल योजना से सभी को शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। एक लाख सैंतालीस हजार लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमी योजना का लाभ दिया गया है। बिना थके तथा बिना रुके प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री द्वारा कार्य करते हुए देश को पांच ट्रिलियन तथा प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के प्रयास चल रहे हैं।

इससे पहले आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ व अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। वित्त मंत्री ने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत वोकल फार लोकल अभियान अंतर्गत आराजी लाइन ब्लॉक में इंट्रीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर का बटन दबाकर उद्घाटन किया। जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। सीएम उद्यमी योजनांतर्गत विभिन्न लाभार्थियों को चेक भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में सरकार के 09 वर्ष पूरे होने पर एक फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस कार्यक्रम से पहले प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी संसदीय जनसंपर्क कार्यकाल, जवाहर नगर गुरूधाम पहुंच कर लोगों की फरियाद भी सुनी।

कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी, विधायक टी राम, सदस्य विधान परिषद हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीसी एनआरएलएम पवन कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल आदि भी मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी