home page

बुनकरी से जुड़े लोगों का रेगुलर चेकअप जरूरी: सुरेश खन्ना

 | 
बुनकरी से जुड़े लोगों का रेगुलर चेकअप जरूरी: सुरेश खन्ना


—प्रभारी मंत्री ने बुनकर स्वास्थ्य जाँच शिविर का किया शुभारंभ,आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण

वाराणसी,16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य तथा वाराणसी जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बुधवार को लोहता स्थित निःशुल्क बुनकर स्वास्थ्य जाँच शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिविर सीआईआई (कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन इंडस्ट्री) के सहयोग से आयोजित किया गया है। विशेष रूप से यह कैम्प बुनकर समाज के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में एक लाख से ज्यादा बुनकर हैं। बुनकरी करते समय इन्हें शरीर से सम्बंधित कई प्रकार की दुश्वारी होती है। इस पेशे से जुड़े लोगों का नियमित चेकअप जरूरी है। सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने का प्रयास किया है। प्रदेश भर में 83 मेडिकल कालेज स्थापित है। उन्होंने बुनकरों से कहा कि किसी प्रकार की संकोच की आवश्यकता नहीं है। स्वास्थ्य शिविर आपके हित के लिए लगाया गया है। शिविर में गेट्स फाउंडेशन, मेदांता, बी.एच.यू., आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल और टाटा 1एमजी ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सीएमओ डॉ एनपी सिंह, दिल्ली एम्स के पूर्व निदेशक रणदीप गुलेरिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने लोहता स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और मौजूद मेडिकल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी