home page

22 बाइकों पर निकले 38 वर्दीधारियों ने भरी हुंकार,‘नशे को ना’ का दिलाया संकल्प

 | 
22 बाइकों पर निकले 38 वर्दीधारियों ने भरी हुंकार,‘नशे को ना’ का दिलाया संकल्प


—पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के पुलिस कर्मी बाइक रैली में आए

वाराणसी,16 अक्टूबर )। राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त भारत का संदेश लेकर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड पुलिस के 38 जवान 22 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। शिवपुर क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज में पुलिस कर्मियों का स्वागत कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एके सिंह की अगुवाई में किया गया। स्वागत के बाद पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के साथ ही शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी जागरूक करने की अपील की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले नुकसान और उसके सामाजिक प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त रहने तथा अपने परिवार और समाज को जागरूक करने की शपथ ली।

वाराणसी की एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बिहार और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ और सशक्त भारत की नींव हैं। युवाओं को नशे से बचाना पुलिस, परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की साझा जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी