home page

वरिष्ठ पुलिस पेंशनर्स का सम्मान करना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात : पुलिस कमिश्नर

 | 
वरिष्ठ पुलिस पेंशनर्स का सम्मान करना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात : पुलिस कमिश्नर


सीपी मोहित अग्रवाल ने पुलिस पेंशनर्स के साथ की गोष्ठी, 80 और 100 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित

वाराणसी, 17 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस पेंशनर्स का अपने हाथों से सम्मान करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से ही पुलिस विभाग आज इस मुकाम तक पहुंचा है।

पुलिस कमिश्नर मंगलवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और 100 वर्षीय वरिष्ठ पेंशनर राम नारायण को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

गोष्ठी में पुलिस कमिश्नर ने पेंशनर्स की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उनके लिए ऊर्जा के स्रोत हैं। उनके सेवाकाल में डकैती, अपहरण और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों के बीच पुलिसकर्मियों ने साहस और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। आज पुलिसिंग का स्वरूप बदल गया है और लगभग 90 प्रतिशत पुलिसिंग तकनीक आधारित हो गई है, लेकिन वरिष्ठ पुलिसकर्मियों के अनुभव और कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्व हमेशा बना रहेगा।

—पेंशनर्स की समस्याओं के निस्तारण के लिए तय की समय सीमा

पुलिस कमिश्नर ने मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों और अन्य कल्याणकारी प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस स्तर पर पेंशनर्स से संबंधित कोई भी फाइल दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए।

ऑनलाइन मेडिकल बिल और अन्य आवश्यक प्रपत्र भरने में पेंशनर्स को होने वाली परेशानी दूर करने के लिए पुलिस पेंशनर्स कार्यालय में एक कंप्यूटर और ऑपरेटर नियुक्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा डाक के आदान-प्रदान और अन्य कार्यालयीय कार्यों में सुविधा के लिए एक होमगार्ड की तैनाती करने को भी कहा।

—एसोसिएशन ने पुलिस कमिश्नर का जताया आभार

पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यबली सिंह ने पेंशनर्स की मांगों और समस्याओं के प्रति पुलिस कमिश्नर की संवेदनशीलता एवं सकारात्मक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से उठाई गई मांगों पर पुलिस कमिश्नर ने तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी पेंशनर्स उनके आभारी हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पुलिस परिवार का अभिन्न अंग हैं। उनके अनुभवों, सुझावों और समस्याओं का सम्मान करना विभाग की जिम्मेदारी है। उनके कल्याण और सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) जंगबहादुर यादव सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस पेंशनर्स मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी