वाराणसी में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न
—जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने परीक्षा केंद्रों का किया दौरा,कुल 18622 अभ्यर्थी परीक्षा में हुए शामिल
वाराणसी, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में आयोजित उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुई। जिले के 46 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच की गई ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने लगातार दूरभाष तथा अन्य माध्यमों से संपर्क स्थापित करते हुए जिले में आयोजित हो रही परीक्षा की सुचिता सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव प्रयास किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में कुल 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जहां दो दिनों तक परीक्षा आयोजित हुई जिसमें कुल चार पालियों में 77760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि भर्ती बोर्ड के तय प्रोटोकॉल के मुताबिक हर परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और इनविजिलेटर की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही हर परीक्षा कक्ष की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और कंट्रोल रूम भी बनाए गए थे। इन कंट्रोल रूम के जरिए लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी की गई है।
आज की परीक्षा में दोनों पालियों में कुल 38880 अभ्यर्थी (प्रथम पाली में 19440 व द्वितीय पाली में 19440) पंजीकृत थे । जिसमें 18622 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। जिसमें प्रथम पाली में 9221 तथा द्वितीय पाली में 9401 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

