home page

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी आगमन की तैयारियों की समीक्षा, पुलिस कमिश्नर ने दिए दिशा—निर्देश

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी आगमन की तैयारियों की समीक्षा, पुलिस कमिश्नर ने दिए दिशा—निर्देश


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी आगमन की तैयारियों की समीक्षा, पुलिस कमिश्नर ने दिए दिशा—निर्देश


—रिजर्व पुलिस लाइन में भ्रमण कर प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड की तैयारियों को भी देखा

वाराणसी,19 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 अप्रैल के संभावित वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां जोर—शोर से चल रही है। रविवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के आगमन व पॉसिंग आउट परेड (पीओपी) की तैयारियों के दृष्टिगत रिजर्व पुलिस लाइन में भ्रमण कर अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। पुलिस कमिश्नर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर समयबद्ध, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने वी.वी.आई.पी. आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल एवं समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड के दृष्टिगत परेड स्थल, अभ्यास व्यवस्था, अनुशासन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीपी ने 'जी-12' आवासीय परिसर के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की । संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, रहन-सहन एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया । नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए निर्देश दिए गए। पुलिस आवासों के निरीक्षण के दौरान छज्जा, बारजा, छत, दीवार एवं परिसर की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, जिससे परिसर स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बना रहे। पुलिस लाइन स्थित जिमनेजियम का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों एवं रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस कर्मियों के शारीरिक स्वास्थ्य हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी