प्रधानमंत्री मोदी का दौरा, एसपीजी टीम ने वाराणसी शहर में डेरा डाला, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में
—एसपीजी टीम ने बरेका ग्राउंड,गेस्ट हाउस,श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा इंतजाम की तैयारियों को परखा
—पांच स्थानों पर प्रधानमंत्री का भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक करेंगे भव्य स्वागत
वाराणसी,26 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में है। एसपीजी टीम ने भी शहर में डेरा डाल दिया है। एसपीजी टीम ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल और आने—जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा बिंदुओं को परखने के बाद एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल बरेका और गेस्ट हाउस को अपने निगरानी में ले लिया है। शनिवार देर शाम बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतराराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एसपीजी के अफसरों ने स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन के अफसरों के साथ एएसएल की उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि एसपीजी टीम ने बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और प्रस्तावित मार्गों का भी गहन निरीक्षण किया। टीम ने एयरपोर्ट से बरेका परिसर तक करीब 25 किलोमीटर लंबे रूट का सघन निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया।
गौरतलब हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 28 अप्रैल को शाम चार बजे के बाद आएंगे। दो दिवसीय काशी प्रवास में प्रधानमंत्री मोदी पहले दिन बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका)में आयोजित विशाल महिला सम्मेलन में चालीस हजार से अधिक महिलाओं से संवाद करेंगे। जनसभा स्थल से ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी को 6269.86 करोड़ रूपये लागत की 160 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 1052.89 करोड़ की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5216.97 करोड़ की 112 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं की आधारशिला (नींव )रखेंगे,उनमें 2464 करोड़ रूपये लागत से राजघाट में बनने वाला सिग्नेचर ब्रिज, 1582.99 करोड़ में नगरीय क्षेत्र में सीवरेज व वाटर सप्लाई, 429.36 करोड लागत का एसएसपीजी और 198 बेड अस्पताल आदि है।
महिलाओं से संवाद और परियोजनाओं की सौगात देने के बाद प्रधानमंत्री बरेका गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए जाएंगे। बरेका गेस्टहाउस से प्रधानमंत्री का काफिला रोड शो की शक्ल में सुबह आठ बजे निकलेगी। भाजपा के पदाधिकारियों के अनुसार बीएलडब्ल्यू से निकलकर प्रधानमंत्री लहरतारा होते हुए पुलिस लाइन तक जाएंगे। फिर वहां से चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक जाएंगे। प्रधानमंत्री के रोडशो को देखते हुए भाजपा काशी क्षेत्र ने स्वागत के लिए पॉच स्थान निर्धारित किया है। बनारस रेलवे स्टेशन (मंडुवाडीह ) के सामने,पुलिस लाइन चाैराहा, लहुराबीर चाैराहा, मैदागिन चाैराहा, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पास स्वागत प्वांइट पर भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करेंगे। काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार, इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बरेका से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक के रूट को सजाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

