वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा की कमान दक्ष महिला पुलिस अफसरों के हवाले
—पुलिस कमिश्नर,जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल पर पार्किंग व्यवस्था, वीवीआईपी मार्ग एवं संबंधित व्यवस्थाओं का परखा
वाराणसी, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार जनसभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की कमान दक्ष महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को सौंपी गई है, जो पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाएंगी।
गुरुवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कार्यक्रम स्थल बरेका का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग व्यवस्था और जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था महिला पुलिस बल के जिम्मे होगी। प्रवेश और निकास द्वार, मंच क्षेत्र, वीवीआईपी मूवमेंट जोन तथा अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनसभा स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत जांच की जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और आमजन के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट संकेतक और बड़े साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बरेका से बीएलडब्ल्यू होते हुए चौकाघाट तक वीवीआईपी रूट का भी जायजा लिया। इस दौरान यातायात प्रवाह, संवेदनशील चौराहों और वैकल्पिक मार्गों की समीक्षा की गई। वीवीआईपी रूट पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पर्याप्त यातायात पुलिस बल तैनात किया जाए तथा आमजन को होने वाली असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक ड्यूटी कर्मी को उसके ड्यूटी स्थल, जिम्मेदारियों एवं पार्किंग व्यवस्था की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने, वायरलेस संचार व्यवस्था को सतत सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां संजीव कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

