प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, हेलीकॉप्टर का टच एंड गो रिहर्सल
25 अक्टूबर को मिर्जामुराद की अरविंद मिल यूनिट का लोकार्पण करेंगे प्रधानमंत्री, प्रशिक्षित महिलाओं से करेंगे संवाद
वाराणसी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित जनता इंटर कॉलेज के मैदान में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने टच एंड गो रिहर्सल किया।
पूर्वाभ्यास के दौरान वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने बाबतपुर एयरपोर्ट से खोचवां तक उड़ान भरकर अस्थायी हेलीपैड पर टच एंड गो का अभ्यास किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार सिनसिनवार, एसीपी राजातालाब वीर सिंह समेत अन्य अधिकारी पुलिस बल, अग्निशमन दल और एंबुलेंस के साथ मौजूद रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को बाबतपुर एयरपोर्ट से वायुसेना के हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे खोचवां पहुंचेंगे। यहां वह गुजरात की कंपनी अरविंद मिल्स की यूनिट का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मिल में कार्यरत प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभवों और कार्यों की जानकारी लेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री नमोघाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा, यातायात और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
-प्रधानमंत्री के प्रयासों से स्थापित हुई अरविंद मिल्स की यूनिट
मिर्जामुराद क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम 'इन्वेस्टर्स यूपी' के तहत गुजरात की कंपनी अरविंद मिल्स ने अपनी यूनिट स्थापित की है। यूनिट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री के दौरे को इस औद्योगिक इकाई के शुभारंभ और स्थानीय महिलाओं से संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

